नयी दिल्ली , अप्रैल 08 -- कप्तान शुभमन गिल (70), वॉशिंगटन सुंदर (55) और जॉस बटलर (52) की शानदार अर्धशतकीय पारियों के बाद राशिद खान (तीन विकेट) सहित गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत गुजरात टाइटंस ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 14वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को मैच की आखिरी गेंद पर एक रन से शिकस्त दी। इस संस्करण में गुजराज टाइटंस की पहली जीत है।

211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स के लिए आखिरी ओवर की पांचवी गेंद पर डेविड मिलर का एक रन छोडना टीम के लिए किलर साबित हुआ। केएल राहुल और पथुम निसंका की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिए 76 रन जोड़े। नौवें ओवर की पहली गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने पथुम निसंका को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये नीतीश राणा ने केएल राहुल के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। 10वें ओवर में राशिद खान ने नीतीश राणा (पांच) और अगली गेंद पर समीर रिजवी (शून्य) का शिकार कर लिया। अक्षर पटेल (दो), ट्रिस्टन स्टब्स (सात) तथा विप्रज निगम (12) रन बनाकर आउट हुये। दिल्ली कैपिटल्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 209 रन ही बना सकी और मुकाबला एक रन से हार गई। मैच की आखिरी गेंद पर कुलदीप यादव (एक) रनआउट हुये ।केएल राहुल ने 52 गेंदों में 11 चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 92 रनों की पारी खेली। वहीं डेविड मिलर 20 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के लगाते हुए 41 रन पर नाबाद रहे।

गुजरात टाइटंस के लिए राशिद खान ने तीन विकेट लिये। प्रसिद्ध कृष्णा को दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां इससे पहले कप्तान शुभमन गिल (70), वॉशिंगटन सुंदर (55) और जॉस बटलर (52) की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चार विकेट पर 210 रनों का स्कोर खड़ा किया।

दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस को मुकेश कुमार ने तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन (12) को बोल्ड कर पहला झटका दिया। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये जॉस बटलर ने चौके छक्कों की बरसात करते हुए तेजी से रन बटोरे। बटलर ने पांचवां ओवर कर रहे मुकेश के ओवर 23 रन ठाके। उन्होंने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। आठवें ओवर में कुलदीप यादव ने बटलर को आउट कर इस साझेदारी को अंत किया। बटलर ने 27 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित