मिर्जापुर , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन के लिए जा रहा था, जबकि दूसरे की ईद मनाकर घर लौटते समय पिकअप वाहन की चपेट में आने से जान चली गई।

पुलिस के अनुसार चंदौली जिले के चकिया निवासी हरिशंकर दुबे का पुत्र वैभव (25) रविवार सुबह अपने एक मित्र के साथ विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन के लिए निकला था। चकिया-अहरौरा मार्ग पर आनंदी गांव के पास उसकी बाइक एक अज्ञात वाहन से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वैभव अहरौरा में एक निजी दुकान पर कार्य करता था।

दूसरी घटना जमालपुर थाना क्षेत्र के डोहरी गांव के पास की है। अदलहाट थाना क्षेत्र निवासी रज्जव अली शनिवार को ईद मिलन के लिए अपनी बहन के घर गया था। लौटते समय वह एक पिकअप वाहन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित