धार , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम गोंदीखेड़ा में मिर्ची व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में मृतक की पत्नी प्रियंका द्वारा अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने का मामला उजागर हुआ है। बताया गया कि दोनों रिश्ते में जीजा-साली थे।
परिजनों के अनुसार मृतक की मां लक्ष्मीबाई ने बताया कि उनकी बहू प्रियंका का व्यवहार शुरू से ही ठीक नहीं था और वह आए दिन कमलेश से फोन पर बात करती थी तथा घर में विवाद करती रहती थी। परिवार ने बेटे का घर बचाने के लिए इसे सहन किया, लेकिन अंततः यह घटना सामने आई।
उन्होंने बताया कि परिवार में देवकृष्ण ही एकमात्र कमाने वाला था, जो गांव-गांव जाकर मसाला व्यापार कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। घटना के कारण परिवार की खुशियां भी मातम में बदल गईं। मृतक की बहन ज्योति की शादी 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर होना तय थी, जिसकी तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब शादी को फिलहाल टाल दिया गया है। परिजनों के अनुसार शादी के लिए रखे आभूषण और नकदी भी घटना के बाद से गायब हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 7 अप्रैल की मध्यरात्रि को राजोद थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद प्रारंभ में डकैती का मामला बताया गया था, लेकिन जांच में यह हत्या निकली। पूछताछ में पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश पुरोहित निवासी राजगढ़ ने अपराध स्वीकार कर लिया। दोनों ने मिलकर देवकृष्ण की हत्या कराने की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी सुरेंद्र सिंह भाटी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
परिजनों ने शासन-प्रशासन से आरोपियों को कड़ी सजा देने, मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई करने, आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा मृतक की बहन को शासकीय नौकरी देने की मांग की है। गुरुवार को परिजन भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे और जिला अध्यक्ष निलेश भारती से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। इस दौरान उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित