अमेठी , फरवरी 5 -- लखनऊ-सुल्तानपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अमेठी के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के वारिसगंज बाजार के पास एक ओवरस्पीड डीसीएम अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राहुल यादव निवासी राजापुर, जनपद जौनपुर और शिशुपाल निवासी जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
थाना प्रभारी तनुज पाल ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित