मधुबनी , मार्च 09 -- बिहार की पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद ने सोमवार को कहा कि मिथिला पेंटिंग्स से जुड़ी कलाकारों ने महिला सशक्तीकरण की मिसाल पेश की है।

मंत्री रमा निषाद ने मधुबनी जिले के अतिथिगृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि मिथिला पेंटिंग्स की महिला कलाकार देश को राह दिखा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस विधा से जुड़ी महिला सशक्तीकरण की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि मिथिला पेंटिंग्स बनाने वाली जिले की कई कलाकारों को पद्मश्री सम्मान हासिल हुआ है, जिससे महिलाओं को कला के क्षेत्र में पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि जिले को मिले नौ पद्मश्री सम्मान की वजह से नवोदित बालिकाओं को इस पारम्परिक कला के क्षेत्र में आने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि महिलाएं मिथिला कला के जरिए रोजगार के साथ अवार्ड की गारंटी सुनिश्चित कर रही है और सफलता की गारंटी से लबरेज मधुबनी के कलाकारों ने अपनी कामयाबी को लक्ष्य मानकर अपना सफर शुरू कर दिया है।

मंत्री के सम्मान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं कार्यकर्ताओं ने मंत्री श्रीमती रमा निषाद को मिथिला पेंटिंग,पाग और अंगवस्त्र भेंट किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभाशूं झा, विधान पार्षद घनश्याम ठाकुर,जिला महामंत्री सुबोध कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष राधा देवी,जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार मुन्ना,आईटी सेल जिला संयोजक आदित्य झा,कन्हैया साह,सुदर्शन कुमार, शिवनाथ दास सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित