तमिलनाडु , फरवरी 07 -- इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रोनिक उपकरणों में वैश्विक लीडर मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक इंडिया ने आज तमिलनाडु में अपनी नई एयर कंडीशनर एवं कम्प्रेसर मैनुफैक्चरिंग इकाई का उद्घाटन किया।

इस इकाई का उद्घाटन तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने वर्चुअल रूप से किया। इस अवसर पर जापान के महावाणिज्यदूत मुनेओ तकाहाशी भी मौजूद रहे।

चेन्नई की इकाई में तकरीबन रु 2100 करोड़ का निवेश किया गया है, जो देश में इसके मैनुफैक्चरिंग फुटप्रिन्ट को मजबूत बनाने की मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक इंडिया की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह दो सालों के भीतर भारत में कंपनी की दूसरी मैनुफैक्चरिंग युनिट है। इससे पहले 2023 में पुणे में फैक्टरी ऑटोमेशन सिस्टम मैनुफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया गया था, जो भारत में मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक की 15 सालों की यात्रा में उल्लेखनीय उपलब्धि है। यह युनिट मित्सुबिशी के स्थानीकरण को बढ़ाने, आपूर्ति श्रृंखला को सशक्त बनाने तथा स्थायी एवं आधुनिक निर्माण की भारत की यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

210,000 वर्गमीटर में फैली इस युनिट में सालाना 300,000 इंडोर एवं आउटडोर रूम एयर कंडीशनर और 650,000 कम्प्रेसर युनिट्स बनाने की क्षमता है। यह युनिट क्षेत्र में 2100 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोज़गार के अवसर उत्पन्न करेगी, तथा स्थानीय सोर्सिंग को बढ़ावा देने, पार्टनर्स के बीच तकनीकी क्षमता बढ़ाने तथा मैनुफैक्चरिंग के विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप कौशल विकास को सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

भारत सरकार की मेक इन इंडिया पहल के अनुरूप यह युनिट रूम एयर कंडीशनर एवं कम्प्रेसर्स-कम्पोनेन्ट्स के स्थानीकरण को सशक्त बनाएगी, जो आमतौर पर आयात पर निर्भर रहता है। देश में ही इन प्रोडक्ट्स का निर्माण करके मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक इंडिया आयात पर निर्भरता कम करना चाहती है तथा आत्मनिर्भर एचवीएसी मैनुफैक्चरिंग सिस्टम के विकास में सहयोग प्रदान कर भारत की निर्माण की महत्वाकांक्षाओं में योगदान देना चाहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित