बस्तर , फरवरी 12 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के शासकीय प्राथमिक शाला अंडरवाल में मध्याह्न भोजन के बाद 24 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी प्रभावित बच्चों को तत्काल उपचार दिया गया। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि एक छात्रा को अतिरिक्त निगरानी के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तोकापाल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर आकाश छिकारा खुद स्कूल और अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हाल जाना। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय बसाक की देखरेख में इलाज का कार्य किया गया।
डॉ. बसाक ने बताया कि बच्चों को पत्ता गोभी की सब्जी परोसी गई थी, जो संभवतः छोटे बच्चों को जल्दी डाइजेस्ट नहीं हुई। उन्होंने कहा, "सभी बच्चे छोटी कक्षाओं के हैं। देखा-देखी बीमार होने जैसा मामला भी हो सकता है। 11 फरवरी की रात करीब दस बजे और 12 फरवरी को खंड चिकित्सा अधिकारी से रिपोर्ट ली गई है। पूरी स्थिति सामान्य है, किसी भी बच्चे को कोई खतरा नहीं है।"डॉ. बसाक के अनुसार, भोजन के तुरंत बाद बच्चों को फाइलेरिया रोधी दवा भी खिलाई गई थी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि दवा और भोजन के कारण बीमार होने की फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है। मामले की गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
ग्रामीण चिकित्सा सहायक राजेंद्र कुमार साहू ने बताया कि सूचना पर तुरंत स्वास्थ्य कर्मियों की टीम स्कूल पहुंच गई थी। प्रारंभिक उपचार के बाद अधिकांश बच्चों को राहत मिल गई। बीमार हुए बच्चों में 10 बालक और 14 बालिकाएं शामिल हैं। कक्षा दूसरी की छात्रा मंगली सिंह को अधिक कमजोरी महसूस होने पर सीएचसी तोकापाल में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ साव ने कहा कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और घबराने की कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं, प्रशासन ने बच्चों के बीमार होने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच समिति गठित करने का निर्णय लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित