वाराणसी , मार्च 06 -- उत्तर प्रदेश के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालू के महमूरगंज स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान एक नन्हीं छात्रा ने शहर की ट्रैफिक समस्या को मासूम अंदाज़ में उठाकर सबका ध्यान आकर्षित किया। सेंट जॉन्स स्कूल, डीएलडब्ल्यू की कक्षा एक की छात्रा भाविका समारोह में गुरुवार शाम मंत्री से मिलने पहुंची और उनसे कहा, "अंकल, स्कूल जाते और आते समय बहुत जाम मिलता है।" बच्ची की इस सरल बात में शहर के ट्रैफिक जाम की समस्या झलकती दिखाई दी।

समारोह में मौजूद लोगों के बीच यह बात चर्चा का विषय बन गई। मंत्री ने बच्ची की बात को गंभीरता से लेते हुए कहा कि यह केवल एक बच्ची की समस्या नहीं, बल्कि शहर के भविष्य की आवाज़ है। उन्होंने तत्काल ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही कि विद्यालयों के मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और जाम की समस्या कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

होली मिलन समारोह के दौरान उठी इस मासूम आवाज़ ने शहर की एक बड़ी समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया और उपस्थित लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी पर ट्रैफिक जाम का असर कितना गहरा पड़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित