नयी दिल्ली, सितंबर 26 -- राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में शुक्रवार सुबह गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। विजय मंडल पार्क, बेगमपुर के पास दो हमलावरों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए।

घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दक्षिणी दिल्ली पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान के अनुसार शुक्रवार सुबह 09:53 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल मिली कि विजय मंडल पार्क के पास गोली चली है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को घायल की पहचान बेगमपुर निवासी लक्षपत सिंह कटारिया (55) के रूप में हुई। उन्हें गोली लगने की चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर आए और गोली चलाकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित