जयपुर , फरवरी 04 -- राजस्थान में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने बुधवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि मार्च 2028 तक जल जीवन मिशन के तहत चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र के 266 गांवों में हर घर तक जल पहुंचाया जायेगा।
श्री चौधरी प्रश्नकाल में विधायक चंद्रभान सिंह के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र में सिंगल विलेज परियोजनाओं में 21.88 करोड़ रुपए की लागत से 14 गांवों में नल कनेक्शन जारी करने के कार्य पूरे किये गए हैं। उन्होंने कहा कि शेष 252 गांवों को चम्बल नदी वृहद् पेयजल परियोजना से जोड़ने के कार्यादेश इसी महीने जारी किये जाएंगे। इसके लिए 2 हजार 245 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में जल जीवन मिशन योजना में हुई अनियमितताओं के कारण कार्यों में देरी हुई। वर्तमान सरकार द्वारा पारदर्शी रूप से नियमानुसार काम किये जा रहे है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित