जशपुर , फरवरी 10 -- त्तीसगढ़ में जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुरकुंगा में मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां आरोपियों ने जेसीबी मशीन से प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत बने घर को तोड़ दिया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजकुमार, उम्र (55) निवासी कुरकुंगा ने 05 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 04 फरवरी की रात वह परिवार के साथ भोजन के बाद सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी शंकर राम, सुरेश, लूनेश्वर यादव तथा उनके साथी जेसीबी लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि शंकर राम ने प्रार्थी के बाल पकड़कर खींचा और लोहे के सब्बल से पीठ व सीने पर वार किया। इसके बाद उसे घसीटकर बाहर ले जाकर लात-घूंसों से पीटा गया और जेसीबी से कुचलने का प्रयास भी किया गया।
आरोपियों ने यहीं नहीं रुकते हुए प्रार्थी के परिजनों के साथ भी जमकर मारपीट की। जेसीबी मशीन से पीएमजीएसवाई के तहत बने आवास को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। प्रार्थी के पुत्र पितांबर यादव को लाठी और लोहे की रॉड से पीटा गया। शोर सुनकर गांव के सरपंच, बीडीसी सदस्य और पड़ोसी बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे कई लोगों को चोटें आईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित