चंडीगढ़ , जनवरी 28 -- शिरोमणि अकाली दल ने बुधवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आधुनिक समय के दरबारा सिंह (पूर्व कांग्रेस मुख्यमंत्री) की तरह काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपनी कुर्सी बचाने के लिए पंजाब के जल अधिकारों से समझौता कर रहे हैं।
यहां एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए अकाली दल के वरिष्ठ नेता परमबंस सिंह रोमाणा ने कहा कि जिस तरह से पूर्व मुख्यमंत्री दरबारा सिंह ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के इशारे पर राज्य के जल अधिकारों से समझौता किया था , ठीक उसी तरह मौजूदा मुख्यमंत्री मान आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर राज्य का पानी हरियाणा को देने के लिए तैयार हैं।
मुख्यमंत्री से यह सवाल पूछते हुए अकाली नेता ने कहा कि उन्होने यह क्यों नहीं कहा कि राज्य के पास एक भी बूंद देने के लिए नहीं बचा है, उन्होंने कहा, ''इससे स्पष्ट है कि पंजाब में आप सरकार हमारी नदियों का पानी हरियाणा को देने की तैयारी कर रही है।'' उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह कहकर इस बात पर मुहर लगा दी, ''पहले हमें यह तय करने दीजिए कि कितना पानी देना है, उसके बाद हम सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर बनाएंगें।''इस बात पर जोर देते हुए कि अकाली दल इस साजिश को कतई सफल नहीं होने देगा। अकाली नेता ने कहा,'' हम पंजाब से पानी की एक भी बूंद हरियाणा में नही बहने देंगें।'' उन्होने कहा कि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अगली अकाली दल सरकार राजस्थान नहर में पानी का प्रवाह रोककर पंजाब के खेतों की ओर मोड़ेगी और राज्य के साथ हुए ऐतिहासिक अन्याय को दूर करेगी ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित