चंडीगढ़ , जनवरी 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने सोमवार को कहा कि पंजाब के मुख्समंत्री भगवंत मान सिर्फ़ एक कठपुतली मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं, जो राज्य और प्रदेशवासियों की रक्षा करने में पूरी तरह से नाकाम रहे हैं।

श्री चुघ ने कहा कि सभी राजनीतिक पार्टियों को पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य को देश विरोधी ताकतों और आपराधिक नेटवर्कों के खतरनाक मंसूबों से बचाने के लिए आगे आना चाहिए, जो मौजूदा सरकार के राज में फल-फूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अलगाववाद और उग्रवाद चरम पर राज्य के लोग इतने डरे हुए और सहमे हुए नहीं थे, जितने आज मान सरकार के कुशासन में हैं। समाज का हर वर्ग भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थिति बहुत चिंताजनक है, क्योंकि पंजाब तेज़ी से खून और गोलियों का राज्य बनता जा रहा है, जहाँ गैंगस्टर और माफिया बिना किसी भय के घूमते हैं और खुलेआम गोलीबारी करके राज करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार माफियाओं के साथ मिली हुई है और भ्रष्टाचार और आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि मान सरकार सार्वजनिक सुरक्षा और सुशासन सुनिश्चित करने की अपनी ज़िम्मेदारी में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ़ आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल को खुश करने और लूट और भ्रष्टाचार के गठजोड़ पर ध्यान दे रही है, जबकि पंजाब के लोग मदद के लिए गुहार लगा रहे हैं और राज्य को अराजकता और अव्यवस्था की ओर धकेला जा रहा है।

श्री चुघ ने कहा कि पंजाब का शासन, आर्थिक और प्रशासनिक दोनों तरह से पूरी तरह से चरमरा गया है। स्थिति इतनी खराब हो गई है कि युवा, व्यापारी, उद्योगपति, महिलाएं और यहाँ तक कि किसान भी अपने ही राज्य में असुरक्षित और डरा हुआ महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके मीडिया की आवाज़ दबाना और सवाल उठाने वालों को डराना, मान सरकार की घबराहट और नाकामी को साफ दिखाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित