चंडीगढ़ , मार्च 13 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को 'शहीद-ए-आजम भगत सिंह नेशनल मैराथन' की आधिकारिक टी-शर्ट लॉन्च की।

इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किये गये 'युद्ध नशियां विरुद्ध' अभियान के हिस्से के रूप में, यह भव्य मैराथन 22 मार्च, 2026 को जिला होशियारपुर के माहिलपुर (गढ़शंकर) में आयोजित की जा रही है, जिसे 'फुटबॉल की नर्सरी' के रूप में जाना जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को नशों के खिलाफ प्रेरित करना, उनके लिए उज्जवल भविष्य का निर्माण करना और राज्य को फिर से 'रंगला पंजाब' की भावना में वापस लाना है।

श्री रौड़ी ने कहा कि श्री मान ने खटकड़ कलां में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद अपने पद की शपथ ली थी और हर साल शहीद-ए-आजम भगत सिंह के शहीदी दिवस पर वहां राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाता है। इसी सम्मान की भावना के साथ, शहीदी दिवस की पूर्व संध्या पर यह मैराथन शहीद-ए-आजम को समर्पित की जा रही है।

मैराथन में प्रतिभागी (बच्चे, युवा, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन) पांच किमी, 10 किमी, 21 किमी और 42 किमी की दौड़ में हिस्सा ले सकेंगे। विजेताओं को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित