लुधियाना , अक्टूबर 29 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को जनता की सुविधा के लिए 'फेसलेस आरटीओं' सेवाओं का शुभारंभ किया।
शुरुआत में ही मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से आरटीओ कार्यालय पर ताला लगा दिया, ताकि कार्यालय को बंद किया जा सके और उनमें व्याप्त भ्रष्टाचार का युग समाप्त किया जा सके।
मीडिया से बातचीत करते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि आज़ादी के बाद से राज्य के लोग नौकरशाही और उनके भ्रष्टाचार के गुलाम बन गये थे। उन्होंने कहा कि आज राज्य इससे मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को 1076 पर एक कॉल करके अपना ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी और अन्य ज़रूरी दस्तावेज़ मिल जायेंगे। उन्होंने कहा कि आज लोगों को भ्रष्टाचार, असुविधा और बिचौलियों से मुक्ति मिल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा देश में ही नहीं, बल्कि दुनिया में भी पहली बार हो रहा है।
श्री केजरीवाल ने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र से जुड़ी कुल 56 प्रमुख सेवाओं को अब पूरी तरह से 'फेसलेस' कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल को वास्तव में परिवहन विभाग में एक डिजिटल क्रांति कहा जा सकता है, क्योंकि लोगों को अब उनके घर-द्वार पर सेवायें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि आवेदन करने के बाद, उन्हें दस्तावेज़ सत्यापन जैसे कार्यों के लिए कई बार आरटीओ कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे विशेष रूप से दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों, बुजुर्गों और विकलांग व्यक्तियों को काफी असुविधा होती थी।
इस दौरान, श्री मान ने कहा कि आरटीओ कार्यालयों में लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था और आज के दिन यह समस्या समाप्त हो गयी है, जिससे आम आदमी को काफी लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि इस पहल से आम आदमी को होने वाली असुविधा और भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है और यह राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के विरुद्ध ज़ीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकाला जायेगा और उनकी सेवाओं का राज्य सरकार द्वारा उनकी योग्यता के अनुसार अन्य विभागों में उचित उपयोग किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को परेशान करने के लिए रिबन काटे जाते थे, लेकिन अब राज्य सरकार उन्हें बड़ी सुविधा देने के लिए दफ्तरों में ताले लगा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लोगों से हो रही अनावश्यक लूट को रोकने के लिए अब तक पंजाब में 19 टोल प्लाजा बंद कर दिये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित