नयी दिल्ली , जनवरी 13 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को कहा कि भारतीय त्यौहार और सांस्कृतिक संवाद विश्वबंधुत्व, आपसी सम्मान और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।

श्री बिरला ने 28वें कॉमनवेल्थ स्पीकर्स एंड प्रेसाइडिंग ऑफिसर्स कॉन्फ्रेंस के अवसर पर भारत आए दक्षिण अफ्रीका और कैरीबियाई देश ग्रेनेडा के संसदीय शिष्टमंडल से भेंट की। इस अवसर पर शिष्टमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष के साथ पारंपरिक रूप से लोहड़ी पर्व मनाया और अग्नि पूजन की परंपरा निभाई।

लोकसभा अध्यक्ष ने भारतीय संस्कृति और पर्वों की महत्ता बताते हुए कहा कि भारतीय त्यौहार और सांस्कृतिक संवाद विश्वबंधुत्व, आपसी सम्मान और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। बैठक के दौरान भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सौहार्दपूर्ण द्विपक्षीय संवाद हुआ, जिसमें लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय सहयोग और आपसी समझ को और मजबूत करने पर चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने ऐतिहासिक मैत्रीपूर्ण संबंधों और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला की विरासत दोनों देशों को लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और समावेशन के मूल्यों से जोड़ती है। संसदीय शिष्टमंडलों के नियमित आदान-प्रदान और विधायी सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने पर भी सहमति व्यक्त की गई।

श्री बिरला ने कहा कि आम चुनावों में लगभग 90 करोड़ मतदाताओं की भागीदारी भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का जीवंत उदाहरण है। बैठक में लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय सहयोग को सुदृढ़ करने, ग्लोबल साउथ के देशों की साझा चुनौतियों के समाधान तथा संवाद और सहयोग की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित