पटना , जनवरी 06 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने "मातृ शक्ति, आत्मनिर्भर और समृद्ध बिहार का आधार" कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंगलवार को कहा कि मातृ शक्ति के योगदान के बिना विकसित भारत और समृद्ध बिहार की कल्पना अधूरी है।
राजधानी पटना के रविन्द्र भवन में आज आयोजित बिहार सरकार के नव-नियुक्त मंत्रीगणों के अभिनंदन सह "मातृ शक्ति, आत्मनिर्भर और समृद्ध बिहार का आधार " कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल, राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए और मातृशक्ति का वंदन करते हुए बिहार चुनाव में उनके सहयोग के लिए आभार जताया।
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने प्रदेश के कोने कोने से आई महिला शक्ति से मुखतिब हो कर एक श्लोक को उद्धृत करते हुए कहा कि हमारे शास्त्रों में अत्यंत स्पष्ट कहा गया है- कि "यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:" अर्थात जहाँ नारी का सम्मान होता है, वहीं देवत्व का वास होता है।
श्री सिन्हा ने कहा कि यह कार्यक्रम नारी शक्ति के सम्मान, सशक्तिकरण और समर्पण को नमन करते हुए समृद्ध बिहार के निर्माण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने वाला है। उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति के योगदान के बिना विकसित भारत और समृद्ध बिहार की कल्पना अधूरी है। सरकार भी मातृशक्ति को सबल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है जिसका प्रतिफल भी अब देखने को मिल रहा है।"कार्यक्रम के दौरान बिहार विधानसभा अध्यक्षडॉ.प्रेम कुमार ने कहा कि मातृशक्ति मात्र एक कल्पना नहीं है, बल्कि समाज की शक्ति, परिवार की आधारशिला और विकास की प्रेरणा ही हमारी मातृशक्ति है, जो बिहार को सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाती है। उन्होंने कहा कि इस संवाद से हम न केवल उस शक्ति का आभार जता रहे हैं बल्कि यह एक नई सोच तथा नये बिहार का संकल्प भी है।
राज्यसभा सांसद तथा बिहार भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि बिहार की मातृशक्ति ने कई मौकों पर दिखा दिया है कि वह उन्हें ही चुनेंगी , जिन्होंने उनके सम्मान की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि हाल में ही सम्पन्न विधानसभा चुनाव में मातृशक्ति के दम पर ही राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबंधन (राजग) फिर से सत्ता तक पहुंचा है।
इस दौरान बिहार के उद्योग मंत्री डॉ. जायसवाल ने कहा कि बिहार ही नहीं, पूरे देश की मातृशक्ति का विश्वास राजग पर है।
इस कार्यक्रम की संयोजक सजल झा ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज हम मातृशक्ति का आभार जताने के साथ विकसित बिहार के संकल्प को दोहराने के लिए इकट्ठा हुए हैं।
इस कार्यक्रम में मंत्री नारायण प्रसाद, मंत्री श्रेयसी सिंह, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, विधायक गायत्री देवी, संजय गुप्ता, छोटी कुमारी, विधानपार्षद निवेदिता सिंह, पूर्व विधानपार्षद किरण घई, चंद्रमुखी देवी, प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता भूषण राठौर, पिंकी कुशवाहा, प्रदेश मंत्री रीता शर्मा, शोभा सिंह, मीना झा, सीमा शर्मा, दिव्या गुंजन, स्वाति कुमारी सिन्हा, रागनी रानी, नीतू चौबे सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और महिलाएं उपस्थित थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित