अगरतला , जनवरी 05 -- त्रिपुरा में पश्चिम अगरतला की पुलिस ने मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में वांछित युवा कांग्रेस नेता शाहजन इस्लाम को सोमवार को भारत-बंगलादेश सीमा के निकट जॉयपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार प्राथमिकी दर्ज होने के बाद शाहजन बंगलादेश भाग गए थे और कल रात वह त्रिपुरा वापस लौट आए। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में आत्मसमर्पण करने की योजना बना रहे थे लेकिन पुलिस ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद शाहजन को अदालत में पेश किया गया, जहां उनपर लगे आरोपों की आगे की जांच के लिए चार दिनों की पुलिस रिमांड की मांग की गई।

यह विवाद पिछले साल जून में शुरू हुआ था जब भाजपा के युवा मोर्चा के एक नेता ने शाहजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शाहजन ने फेसबुक लाइव सेशन के दौरान मुख्यमंत्री के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की थीं। बाद में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता बिलाल मियां ने भी शाहजन के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसमें उनपर उनके खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित