भुवनेश्वर , मार्च 10 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के लिए के एक नई अमृत भारत एक्सप्रेस रेल सेवा को मंज़ूरी देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।

ओडिशा में रेल परिवहन को बढ़ावा देते हुए, केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के पोदनूर और झारखंड के धनबाद को जोड़ने वाली एक नई अमृत भारत रेल सेवा शुरू करने की मंज़ूरी दे दी है।

श्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री श्री माझी को एक पत्र के ज़रिए इस फ़ैसले के बारे में जानकारी दी। नई रेल सेवा से ओडिशा, तमिलनाडु और झारखंड के बीच रेल संपर्क मज़बूत होने की उम्मीद है। झारखंड में प्रवेश से पहले ट्रेन ओडिशा के स्टेशनों से गुज़रेगी, जिनमें रायगढ़ा, मुनिगुडा, केसिंगा, टिटलागढ़, बलांगीर, बरगढ़ रोड, संबलपुर, झारसुगुडा और राउरकेला शामिल हैं।

इस रेल सेवा के शुरू होने से ओडिशा के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के यात्रियों को बहुत फ़ायदा होने की उम्मीद है, क्योंकि इससे दक्षिण भारत और देश के दूसरे इलाकों में यात्रा करना आसान हो जाएगा। यह सेवा खास तौर पर छात्रों , मजदूरों , व्यापारियों और दूसरे यात्रियों के लिए मददगार होगी जो प्राय: इन क्षेत्रों के बीच सफर करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित