भुवनेश्वर , जनवरी 25 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को भुवनेश्वर के राजभवन सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "मन की बात" कार्यक्रम में शामिल होते हुए स्कूली बच्चों को नवाचार और रचनात्मकता पर ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

श्री माझी ने छात्रों और स्थानीय निवासियों से बात करते हुए प्रधानमंत्री की इस पहल के उद्देश्यों और प्रेरणादायक पहलुओं पर प्रकाश डाला। यह कार्यक्रम का 130वां संस्करण था। उन्होंने स्टार्टअप सेक्टर में भारत की उपलब्धियों की भी प्रशंसा की और युवाओं में रचनात्मक तथा नवाचार सोच को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए हर प्रेरणादायक विचार पर छात्रों के साथ विस्तार से चर्चा की, जिसमें उद्योग और स्टार्टअप में गुणवत्ता को बढ़ावा देना, पर्यावरण जागरूकता, स्वच्छता और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी शामिल है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर युवा नागरिकों से मतदाता के रूप में पंजीकरण करने और चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित