बैतूल , दिसंबर 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में माचना पुल के पास रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से 42 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बैतूल गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खंबा नंबर 852/25 के पास हुआ। मृतक की पहचान ग्राम बाजपुर निवासी नंदकिशोर दहिकर (42) के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार नंदकिशोर दहिकर शुक्रवार रात घर पर भोजन करने के बाद बाहर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच रेलवे कर्मचारियों ने माचना पुल के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना गंज पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर जिला अस्पताल भेजा गया। पहचान न होने पर शव को अस्पताल के फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया। रविवार सुबह परिजन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने गंज थाने पहुंचे, जिसके बाद शव की पहचान नंदकिशोर दहिकर के रूप में हुई।

रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि नंदकिशोर खेती-किसानी करते थे और उनके तीन बच्चे-दो बेटे और एक बेटी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नंदकिशोर रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे और किस ट्रेन की चपेट में आए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित