भोपाल, सितंबर 30 -- राजधानी भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में आज खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा साहसिक खिलाड़ी भगवान सिंह कुशवाह का भव्य स्वागत किया गया। विभागीय अधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने पुष्पमालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए उनके अद्वितीय पराक्रम की सराहना की।

मध्यप्रदेश के गौरव भगवान सिंह ने 5364 मीटर ऊँचाई पर स्थित माउंट एवरेस्ट बेस कैंप तक अपनी एमटीपी बाइक पहुँचाकर देश का तिरंगा फहराया और यह उपलब्धि हासिल करने वाले विश्व के पहले साहसी व्यक्ति बने। उन्होंने दुर्गम व बर्फ़ीले रास्तों, माइनस तापमान और 9 दिनों की कठिन चढ़ाई पूरी करते हुए अपने साहस और संकल्प का परिचय दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान सिंह की यह ऐतिहासिक सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने उन्हें बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

भगवान सिंह कुशवाह की प्रमुख उपलब्धियाँ की बात करें तो उन्होंने 2016 में माउंट एवरेस्ट पर सफल आरोहण कर मध्यप्रदेश के प्रथम पर्वतारोही बने। 2024 में माउंट कोजिअस्को (ऑस्ट्रेलिया) पर स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान गाने वाले प्रथम भारतीय बने। पैंगोंग झील (-45degC) में 21 किमी हाफ मैराथन कर गिनीज रिकॉर्ड बनाया। खारदुंग-ला व उमलिंग-ला पास पर ऐतिहासिक साइक्लिंग अभियान पूरे किए। विक्रम अवार्ड और कई राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त। अब तक 200 से अधिक राष्ट्रीय ट्रेकिंग अभियानों और 114 मैराथन में सहभागिता की है।

भगवान सिंह की उपलब्धियाँ साहस, दृढ़ निश्चय और मातृभूमि के प्रति समर्पण का परिचायक हैं। वे युवाओं के लिए प्रेरणा का जीवंत प्रतीक बन चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित