सहारनपुर , मार्च 26 -- सहारनपुर जिले में शिवालिक पर्वतमालाओं की गोद में स्थित मां शाकुम्बरी देवी मंदिर क्षेत्र में चैत्र नवरात्रि के अष्टमी-नवमी पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मनौतियां मांगीं। श्रद्धालुओं ने नारियल, हलवा-पूरी का प्रसाद तथा चांदी के चक्र चढ़ाए। सहारनपुर समेत आसपास के जिलों से श्रद्धालु तड़के ही मंदिर पहुंचने लगे थे, जिसके चलते सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। 19 मार्च से शुरू हुए इस मेले में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पूर्व में यहां दर्शन-पूजन कर चुके हैं।

जिला पंचायत के तत्वावधान में आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में हजारों पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, वहीं सुगम दर्शन, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, चिकित्सा शिविर, सीसीटीवी निगरानी और अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी मनीष बंसल, एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी देहात सागर जैन और एसडीएम बेहट अंकुर वर्मा ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं और व्यवस्थाएं बेहतर की गई हैं। मेले के दौरान अपने परिजनों से बिछड़े 70 बच्चों को सकुशल उनके परिजनों को सौंपा गया। मेला क्षेत्र में स्वच्छता, शुद्ध पेयजल और 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की गई है। साथ ही मेला स्थल पर पर्यटन सुविधाओं के विकास के तहत भव्य प्रवेश द्वार और भूरादेव से देवी मंदिर तक पुल निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा है, जिससे जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित