अलवर , फरवरी 05 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के माचा गांव में गुरुवार शाम घर के बाहर खड़े चार वर्षीय बच्चे को एक कुत्ता उसकी मां के सामने ही करीब 100 मीटर खींचकर ले गया जिससे बालक घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बालक अपने घर के बाहर ही खड़ा था। उसकी मां उसके पास ही खड़ी थी। उसी समय एक कुत्ते ने बालक पर हमला कर दिया और उसे करीब 100 मीटर तक खींचकर ले गया। कुत्ते की आक्रामकता के चलते उसकी मां कुछ नहीं कर सकी। इससे बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। करीब 30 सेकंड तक कुत्ते ने बच्चे को अपने जबड़े में दबाकर रखा। मां की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को कुत्ते से छुड़वाया। खून से लथपथ बालक को परिजन पहले किशनगढ़ बास अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर जिला अस्पताल भेज दिया गया।अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में बच्चे के सिर में कुल सात टांके लगाए गए हैं। फिलहाल बच्चे का अलवर जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित