बैतूल , मार्च 06 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे द्वारा अपनी मां की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सेमझिरा निवासी गेंदीबाई बाघमारे की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने के बाद थाना साईंखेड़ा में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पड़ोसियों और परिजनों के बयान लिए गए। जांच में सामने आया कि मृतका अपने पुत्र लखन बाघमारे (48) के साथ रहती थी। आरोपी का स्वभाव विवादित बताया गया है और वह अक्सर घर में झगड़ा करता था। 2 मार्च 2026 की रात भी मां-बेटे के बीच विवाद हुआ था, जिसकी आवाजें आसपास के लोगों ने सुनी थीं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मौत का कारण गला दबाना बताया है। रिपोर्ट के अनुसार मृतका की कंठिका अस्थि (हायॉइड बोन) में फ्रैक्चर पाया गया, जिससे स्पष्ट हुआ कि गला दबाने के कारण उसकी मृत्यु हुई। पुलिस ने आरोपी लखन बाघमारे के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित