नयी दिल्ली , अक्टूबर 06 -- केंद्रीय खेत्री मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित सरदार ऐट दा रेट150 यूनिटी मार्च का सोमवार को शुभारंभ किया। वर्ष 2025 भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती का वर्ष है। इसी के अंतर्गत आज डॉ. मांडविया और खेल राज्य मंत्री रक्षाखडसे ने सरदार ऐट दा रेट 150 यूनिटी मार्च अभियान का शुभारंभ किया। माय भारत द्वारा संचालित यह राष्ट्रव्यापी अभियान दो महीने तक चलेगा, जिसका उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और नागरिक उत्तरदायित्व की भावना जगाना है। यह अभियान सरदार पटेल की अखंड भारत की प्रेरणा को जीवंत करता है और युवाओं को एक भारत, आत्मनिर्भर भारत के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करता है।

इस अवसर मीडिया से बातचीत में डॉ. मांडविया ने कहा कि हमारे लिए सरदार ऐट दा रेट150 यूनिटी मार्च केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी का राष्ट्रीय आंदोलन है। जैसे सरदार पटेल ने 560 से अधिक रियासतों को जोड़कर एक भारत बनाया, वैसे ही आज यह अभियान युवाओं की ऊर्जा को एकजुट भारत के निर्माण में लगाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने हमें स्वतंत्र भारत दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम विकसित और आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहे हैं। स्वतंत्रता से विकास की यात्रा ही लौह पुरुष को सच्ची श्रद्धांजलि है।

इस के तहत पहले डिजिटल चरण में सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन और सरदार ऐट दा रेट 150 यंग लीडर्स क्वीज जैसे कार्यक्रम होंगे। 15-29 वर्ष के युवाओं के लिए आयोजित ये प्रतियोगिताएं पूरे देश में जागरूकता और उत्साह पैदा करेंगी। विजेताओं की घोषणा 26 नवंबर को राष्ट्रीय पदयात्रा से पहले की जाएगी।

दूसरे चरण में 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक जिला स्तरीय पदयात्राएं आयोजित की जायेगी। तीन दिनों तक चलने वाली ये पदयात्राएं हर संसदीय क्षेत्र में होंगी, जहां प्रतिदिन आठ से 10 किलोमीटर की यात्रा होगी। इसमें राज्य मंत्रिगण, सांसद एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। इन पदयात्राओं में एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को दर्शाते हुए स्थानीय संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई देगी। इन पदयात्राओं से पहले स्वच्छता अभियान, योग एवं स्वास्थ्य शिविर, सरदार पटेल के जीवन पर व्याख्यान, युवा वाद-विवाद, और नशा मुक्त भारत की शपथ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। माय भारत, एनएसएस और एनसीसी के स्वयंसेवक इसमें सक्रिय रहेंगे। सेवानिवृत्त अधिकारी, खिलाड़ी और विद्वान भी इस अभियान में शामिल होंगे। पदयात्रा के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमाओं को पुष्पांजलि, आत्मनिर्भर भारत शपथ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भागीदारी प्रमाणपत्र वितरण होगा। साथ ही, मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित