महोबा , दिसंबर 26 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के खन्ना क्षेत्र में शुक्रवार को एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में चिचारा गाँव के निकट हुयी घटना में मृतकों की पहचान हमीरपुर जिले के मौदहा निवासी प्रदीप वाल्मीकि ओर राजेंद्र अनुरागी के रूप में हुयी है. जबकि घायल युवक का नाम गौरव बताया गया है। यह तीनो युवक कबरई क्षेत्र में अपनी रिश्तेदारी में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने के उपरान्त एक ही बाइक में सवार होकर अपने घर वापस लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया की बाइक सवारो को किस वाहन ने टक्कर मारी यह पता नहीं चल सका है. निर्जन सड़क में तीनो को पड़ा देख राहगीरो ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच उन्हें उठाया. बाइक सवार राजेंद्र की मौत घटना स्थल पर हुयी बताई गयी है. जबकि प्रदीप ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। अन्य घायल युवक गौरव को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कालेज पहुंचाया गया है। मृतक राजेंद्र अनुरागी रेलवे में टीसी के पद पर कार्यरत बताया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित