महोबा , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के चरखारी कस्बे में शनिवार को शिया समुदाय के सैकड़ों लोगों ने अयातुल्लाह अली खामनेई की हत्या पर दुख जताते हुये अमेरिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के पोस्टर जलाकर नारेबाजी की। पुलिस उपाधीक्षक दीपक दुबे ने बताया कि मध्य पूर्व में ईरान और इजराइल से जुड़े घटनाक्रमों को लेकर शिया समुदाय में गम और आक्रोश का माहौल है। इसके चलते चरखारी में करीब एक सैकड़ा लोग सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने पचराहा क्षेत्र में जुलूस निकालकर अमेरिका और इजराइल के विरोध में नारे लगाए तथा डोनाल्ड ट्रम्प और बेंजामिन नेतन्याहू के पोस्टर जलाए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि युद्ध की आड़ में पवित्र रमजान माह में मुसलमानों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिसे वे स्वीकार नहीं करेंगे।
उल्लेखनीय है कि बुंदेलखंड क्षेत्र के चरखारी में शिया मुसलमानों की अच्छी-खासी आबादी है। यहां के कई शिया परिवारों का संबंध लखनऊ और बाराबंकी से भी बताया जाता है। पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित