महोबा , दिसंबर 24 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के पनवाड़ी क्षेत्र में बुधवार को भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने राजस्व विभाग के एक संग्रह अमीन को दस हज़ार रुपये की घूस लेते हुये रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
भ्रष्टाचार निरोधक टीम अधीक्षक श्याम बाबू ने बताया की पनवाड़ी कस्बे के निवासी पुजारी सुरेन्द्र बाबा की पत्नी की 2019 में एक दुर्घटना में मौत हो गयी थी। जिसका बीमा दावा सात लाख रुपये के आसपास बन रहा था। सुरेन्द्र का आरोप था की उक्त बीमा क्लेम को स्वीकृत करा कर दिलाने के एवज में अमीन कृष्ण कुमार साहू ने 15 हज़ार रुपये की मांग की थी। बातचीत में मामला दस हज़ार रुपये में सुलटने पर अमीन द्वारा उसे घूस के रुपये लेकर अपने घर बुलाया गया था।
अधीक्षक ने बताया की टीम ने आज अमीन को उसके पनवाड़ी में बाईपास रोड स्थित किराए के मकान से रुपये लेते हुये रंगे हाथों दबोच लिया। मामले में महोबा सदर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है ओर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। अमीन के घूसखोरी में पकड़े जाने से जिले के राजस्व महकमे में ह्ड़कंप मचा है।
उल्लेखनीय है कि अमीन कृष्ण कुमार इससे पहले राजस्व विभाग में चपरासी के पद पर कार्यरत था। लगभग छह माह पहले उसे अमीन के पद पर प्रोन्नति प्रदान की गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित