महोबा , अप्रेल 12 -- उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले की पत्थरमंडी कबरई में गिट्टी-पत्थर ढोने वाले ट्रकों ने ओवर लोडिंग कार्रवाई से बचने के लिए नया तरीका अपना कर नंबर प्लेट पर कालिख और मिट्टी पोतकर पहचान छिपाने के रविवार को सामने आये एक मामले में एक ट्रक को पकड़ कर सीज किया गया है। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुखबीर सिंह यादव ने बताया कि कबरई बाईपास रोड पर जिला पंचायत के बैरियर के पास खनिज एवं परिवहन विभाग द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक ट्रक को रोका गया.जिसकी जांच पड़ताल मे ट्रक के आगे और पीछे लगी नंबर प्लेटों के अंक अलग-अलग पाए गए। आगे की प्लेट पर आखिरी चार अंक 2004 थे, जबकि पीछे की प्लेट पर 2884 अंक दर्ज थे। इस गड़बड़ी को देखते हुए ट्रक को तुरंत सीज करके कबरई थाने में खड़ा कराया गया। उन्होने बताया कि यह अपने तरह का अलग मामला रहा। पत्थरमंडी कबरई से हर दिन करीब दो हजार ट्रक गिट्टी-पत्थर लेने आते हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के अलावा मध्यप्रदेश से भी बड़ी संख्या में वाहन शामिल होते हैं, जो यहां से लखनऊ और कानपुर तक सप्लाई करते हैं। भारी ट्रैफिक और मुनाफे की होड़ के चलते कई ट्रक चालक नियमों को ताक पर रखकर वाहन चला रहे हैं। कुछ ट्रक बिना नंबर प्लेट के ही सड़कों पर दौड़ते देखे जा रहे हैं।
प्रशासन की जांच में पकड़े गए ट्रक के मामले को गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ दयाशंकर ने थाना कबरई में तहरीर दी है । कूटरचित तरीके से नंबर प्लेट लगाने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात ट्रक मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की चालबाजियां कानूनन अपराध हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित