महोबा , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में कबरई थाना क्षेत्र के कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक और एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि छानी कलां गांव के मोड़ के पास यह हादसा उस समय हुआ जब कबरई क्षेत्र के कहरा गांव निवासी सुरेश (35) अपनी बहन शकुंतला (40), 13 वर्षीय भांजी अनुष्का और 11 वर्षीय भांजे देवांश के साथ मोटरसाइकिल से सिरसी कलां गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछे से तेज रफ्तार में आई लाल रंग की थार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सभी सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां सुरेश को मृत घोषित कर दिया गया।

एएसपी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल देवांश ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। शकुंतला और अनुष्का को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक आशंका है कि चालक नशे की हालत में था। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित