महोबा , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिला प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ने शुक्रवार को महोबा जिले में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि जिले की चारों नगर निकायों महोबा, चरखारी, कबरई और कुलपहाड़ में शहरी बुनियादी ढांचे और धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों के विकास को गति दी जा रही है। इन विकास कार्यों को 'वंदन योजना', 'मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (सीएम-वीएनवाई)', 'पं. दीनदयाल नगर विकास योजना' और 'स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय' के अंतर्गत स्वीकृति दी गई है।

नगर पालिका परिषद, महोबा के तहत 'वंदन योजना' में माँ चन्द्रिका देवी मंदिर परिसर और बौद्ध मठ के पास नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण किया गया। ट्यूबवेल से बौद्ध मठ तथा कारकदेव मंदिर से बौद्ध मठ तक इंटरलॉकिंग रोड का निर्माण कराया गया। साथ ही खनिज न्यास निधि एवं वंदन योजना के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में लगभग 1.75 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य जनता को समर्पित किए गए।

नगर पालिका परिषद, चरखारी में 'पं. दीनदयाल नगर विकास योजना' के तहत वार्ड रूपनगर और कजियाना में लगभग 1.17 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख सीसी रोड का निर्माण पूर्ण कर सौंपा गया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर पालिका परिसर में सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण भी किया गया।

नगर पंचायत, कबरई में 'मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना' के तहत 88 लाख रुपये की लागत से आधुनिक पुस्तकालय, अम्बेडकर नगर वार्ड में चिल्ड्रेन पार्क, इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। वहीं 1.85 करोड़ रुपये की लागत से रानी लक्ष्मीबाई पार्क के पास योगशाला एवं बहुउद्देश्यीय सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास हुआ। 'वंदन योजना' के तहत पांच पहाड़ी मंदिर, बूढ़े हनुमान मंदिर और राम जानकी मंदिर में शेड व सीसी रोड निर्माण के कार्य का भी शुभारंभ किया गया।

नगर पंचायत, कुलपहाड़ में 'वंदन योजना' के अंतर्गत माँ बाघराजन मंदिर के विकास कार्य पूर्ण कर श्रद्धालुओं को समर्पित किए गए, जिनमें 1.18 करोड़ रुपये की लागत से परिक्रमा मार्ग, सीसी रोड और इंटरलॉकिंग निर्माण शामिल है। साथ ही लगभग 1.36 करोड़ रुपये की लागत से तहसील के सामने निकाय भूमि पर दुकानों और आधुनिक पुस्तकालय के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार महोबा के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ये परियोजनाएं जिले को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने में मील का पत्थर साबित होंगी। कार्यक्रम में सदर विधायक पं. राकेश गोस्वामी, सभी निकायों के चेयरमैन, अधिशासी अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित