महोबा , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के कबरई क्षेत्र में गुरुवार को खनिज, परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त 16 ट्रकों को पकड़कर सीज कर दिया गया। टीम ने दो स्टोन क्रेशर इकाइयों पर छापा मारकर भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और रॉयल्टी चोरी से जुड़े मामले भी पकड़े हैं। पुलिस उपाधीक्षक ए.के. सिंह ने बताया कि खनिज राजस्व चोरी की शासन स्तर पर पहुंची शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने उटियां गांव के निकट कार्रवाई की। यहां ओवरलोड गिट्टी लादकर निकल रहे ट्रकों की जांच की गई, जिनके पास खनिज परिवहन के वैध प्रपत्र मौके पर उपलब्ध नहीं थे। बिना रॉयल्टी दस्तावेज के स्टोन क्रेशरों से ग्रिट लोड कर एनआर निकाला जा रहा था। सभी 16 ट्रकों को सीज कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

संयुक्त टीम ने मंडी क्षेत्र स्थित शक्तिमान ग्रेनाइट और एस.एस. स्टोन क्रेशर में भी छापामारी कर सघन जांच की। जांच में प्रपत्रों में भारी अनियमितताएं पाई गईं। प्रारंभिक जांच में शासन को लाखों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई गई है। खनिज विभाग द्वारा जब्त दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है। मामला सही पाए जाने पर क्रेशर प्लांट सील करने तथा खनन पट्टे निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि कबरई खनिज मंडी में राजस्व चोरी रोकने के लिए दो दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। मंडी से प्रतिदिन लगभग पांच हजार ट्रक गिट्टी महानगरों को भेजे जाते हैं। आरोप है कि कुछ रसूखदार तत्वों के संरक्षण में दलालों एवं तथाकथित लोकेशन गैंग द्वारा बड़ी संख्या में वाहनों को बिना रॉयल्टी एनआर निकाला जाता है, जिससे शासन को भारी राजस्व क्षति होती है। ताजा कार्रवाई के बाद मंडी क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित