महोबा , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश के महोबा में एक माह तक चलने वाला चरखारी स्टेट का अति प्राचीन सुप्रसिद्ध धार्मिक श्री गोवर्धन नाथ मेला आज परम्परागत तरीके से आरम्भ हो गया।

जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से विधिवत पूजन-अनुष्ठान के साथ मेले की शुरूआत की। इस दौरान आकर्षक रंगीन आतिशबाजी का भी प्रदर्शन किया गया। बुंदेलखंड के मिनी वृंदावन के नाम से विख्यात चरखारी में धार्मिक महत्व के प्राचीन मेले की परंपरा के अनुसार श्री गोवर्धन नाथ के लगभग पांच फीट ऊंचाई के विग्रह व अन्य देव प्रतिमाओं को ड्योढ़ी स्थित मंदिर से लाकर मेला परिसर में तैयार किये गए आकर्षक बंगले में पहुचाया गया। इसकी नगर में भव्य शोभायात्रा (सवारी) निकाली गई। हाथी,घोड़ा और बैंड बाजों के साथ निकली शोभायात्रा का नगर वासियों ने पूरे मार्ग में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने इस दोरान जगह-जगह देव प्रतिमाओं की आरती उतारी। करीब ढाई किलोमीटर के परंपरागत मार्ग को तय करके शोभायात्रा का मेला परिसर पहुंचने पर सैकड़ो की संख्या में मौजूद लोगों ने जयकारों का उदघोष कर स्वागत किया।

चरखारी मेला की आयोजक नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी अमर जीत ने बताया कि कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से आरंभ होकर यह मेला पूरे एक माह तक चलेगा। श्री गोवर्धन नाथ की प्रतिमा स्थापित होने के बाद अब यह हर रोज नगर के विभिन्न मंदिरों में स्थापित देव प्रतिमाओं का आगमन होगा। जिन्हें मेला परिसर में उनके निर्धारित स्थल (मंडप) पर विराजमान कराया जाएगा। यह प्रक्रिया एक सप्ताह तक चलेगी। इसके बाद गोवर्धन नाथ जी का दरबार सजेगा। मेले के दौरान यहां विशाल यज्ञ, धार्मिक कथा एवम रासलीला आदि के आयोजन होंगे। देवोत्थान एकादशी ओर कार्तिक पूर्णिमा के विशेष पर्वो में मेले में कृष्ण भक्तों की भारी भीड़ जुटने पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित