देहरादून , नवंबर 12 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बुधवार को कांग्रेस के नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को बधाई दी और उनसे सकारात्मक राजनीति करने और जन सरोकारों की आवाज बनने की उम्मीद जतायी।

श्री भट्ट ने दावा किया कि 2027 में विकास कार्यों की बदौलत भाजपा उत्तराखंड में दमदार वापसी करने जा रही है। कांग्रेस में अध्यक्ष के बदलाव से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बुधवार को पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि 2022 के विधान सभा चुनाव में भी श्री गोदियाल कांग्रेस अध्यक्ष थे लेकिन कांग्रेस का क्या हश्र हुआ सब जानते है, तब श्री प्रीतम सिंह भी बड़ी भूमिका का निर्वहन कर रहे थे लेकिन कांग्रेस द्वारा चलाये गए दुष्प्रचार अभियान की जनता ने हवा निकाल दी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने एक बार फिर से मुख्यमंत्री धामी और डबल इंजन सरकार पर भरोसा जताया था। एक बार फिर ठीक वैसी ही तस्वीर कांग्रेस पार्टी में बन गई है लिहाजा भाजपा बड़े अंतर से क्लीन स्वीप कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित