नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने अपने पालतू रॉटविलर कुत्ते 'हेनरी' को उन्हें नहीं दिये जाने के निचली अदालत के आदेश को चुनौती देते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया है।

पिछले वर्ष नवंबर में साकेत जिला अदालत ने सुश्री मोइत्रा की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने प्रत्येक माह 10 दिनों के लिये अपने पालतू कुत्ते को अपने पास रखे जाने संबंधी निर्देश दिये जाने का आग्रह किया था।

उच्च न्यायालय की एकल न्यायाधीश पीठ ने हेनरी को इस समय अपने पास रख रहे अधिवक्ता जय अनंत देहाद्रई को गुरुवार को नोटिस जारी कर सुश्री मोइत्रा की याचिका पर जवाब दाखिल करने को कहा। श्री देहाद्रई इस मामले में स्वयं अदालत के समक्ष उपस्थित हुए।

उल्लेखनीय है कि श्री देहाद्रई और सुश्री मोइत्रा के बीच पिछले कुछ वर्षों से कई कानूनी विवाद चल रहे हैं। इससे पहले श्री देहाद्रई ने आरोप लगाया था कि सुश्री मोइत्रा ने संसद में प्रश्न उठाने के बदले एक व्यवसायी से रिश्वत ली थी। सत्तारूढ़ दल के एक सांसद ने यह मुद्दा लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष भी उठाया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित