श्रीगंगानगर , फरवरी 21 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने शुक्रवार को मादक पदार्थों की तस्करी के दो मामलों में एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार करके उनसे 82 ग्राम हेरोइन और 10 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया।

पुलिस अधीक्षक डाॅ अमृता दुहन ने शनिवार को बताया कि श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र में पुलिस दल ने शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान तीन संदिग्धों को पकड़कर उनकी तलाशी ली तो तीनों के पास से कुल 82.09 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उनकी पहचान धर्मप्रीत सिंह (25), हीरा सिंह (67) और श्रीमती राजवीर कौर उर्फ कोमल (33) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि सूरतगढ़ शहर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस थाना के समीप ही रोडवेज बस अड्डा पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह पुलिस को देखते ही भाग निकला। मौके पर 10 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया।

डाॅ दुहन ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित