जयपुर , मार्च 07 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने समाज के निर्माण, संस्कारों के संरक्षण और परिवार की मजबूत नींव में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा है कि नारी शक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण ही एक समृद्ध और विकसित समाज की आधारशिला है।
श्रीमती दियाकुमारी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में सनातन संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में फागोत्सव एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थी। उन्होंने मातृशक्ति को होली एवं महिला दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे वातावरण को उल्लास और ऊर्जा से भर दिया। इस दौरान फागोत्सव के रंगारंग कार्यक्रमों और भजनों ने कार्यक्रम को और भी आनंदमय बना दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित