लखनऊ , दिसंबर 10 -- हिमाचल प्रदेश ने 37वीं फेडरेशन कप हैंडबॉल (पुरुष व महिला) चैंपियनशिप के महिला वर्ग के खिताबी मुकाबले में मेजबान उत्तर प्रदेश का सपना तोड़ते हुए 33-19 से दमदार जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में पंजाब की टीम ने तेज खेल व सटीक रणनीति की बदौलत राजस्थान को 32-23 से हराते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित चैंपियनशिप मे महिला वर्ग के फाइनल में हिमाचल प्रदेश ने मेजबान उत्तर प्रदेश को 33-19 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच में शुरू में दोनों ही टीमों के मध्य कांटे की टक्कर हुई। इस दौरान मेजबान लड़कियों ने भी खासी फुर्ती दिखाई लेकिन हिमाचल प्रदेश की खिलाड़ियों ने अपने अनुभव व तालमेल के सहारे दबाव बनाया और मध्यांतर तक 18-9 की मजबूत बढ़त बना ली। मध्यांतर के बाद हिमाचल की खिलाड़ियों ने आक्रामक अंदाज अपनाया जबकि यूपी की खिलाड़ियों ने वापसी की कोशिश की लेकिन महत्वपूर्ण मौकों पर चूक टीम पर भारी पड़ी। हिमाचल प्रदेश से शिवानी ने सर्वाधिक आठ गोल दागे।

पुरुष वर्ग की चैंपियन पंजाब बनी जिसने फाइनल में राजस्थान को 32-23 से शिकस्त दी। पहले हॉफ में दोनों ही टीमों ने तेजतर्रार आक्रमण किए जिसके चलते पंजाब मध्यांतर तक 13-11 की मामूली बढ़त पर था। दूसरे हॉफ में प्रतिद्वंद्वी के अटैक का जवाब पंजाब के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल की बदौलत दिया और मैच पर पकड़ मजबूत करते हुए नौ गोल के अंतर से विजेता ट्रॉफी जीत ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित