चंडीगढ़ , नवंबर 21 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा 22 नवंबर 2021 को पंजाब के मोगा में एक रैली दौरान राज्य की महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए देने की जो गारंटी दी गई थी, उसके चार साल पूरे होने वाले हैं, लेकिन आज तक पंजाब की महिलाओं को इस वादे की एक भी किस्त नहीं मिली।
अश्विनी शर्मा ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि महिला मोर्चा की ओर से चंडीगढ़ में बड़ा रोष मार्च निकाला जाएगा। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जय इंदर कौर ने बताया कि केजरीवाल द्वारा की गई इस गारंटी के मुद्दे पर कल 22 नवंबर को पंजाब भाजपा महिला मोर्चा चंडीगढ़ स्थित केजरीवाल के 'शीश महल' का घेराव करेगा।
इंदर कौर ने स्पष्ट किया कि यह रोष मार्च केवल प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि केजरीवाल की 'झूठी गारंटियों' के खिलाफ एक बड़ी मुहिम की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि राज्य की लाखों महिलाओं ने गारंटी कार्ड भरा था, रैलियों में हिस्सा लिया था, लेकिन आज चार साल बाद भी महिलाओं को वह पैसा नहीं मिला, जिसका वादा केजरीवाल ने चुनावों से पहले किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित