भिण्ड , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर के गांधी नगर क्षेत्र में हो रही एक नाबालिग लड़की की शादी को महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया। टीम ने हल्दी-मेहंदी का कार्यक्रम बंद कराते हुए लड़की को अपने संरक्षण में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार बाल विवाह की सूचना मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर जांच की। बताया गया कि जिले के ऐंहतार क्षेत्र की रहने वाली लगभग 14 वर्षीय लड़की की शादी शहर के वार्ड क्रमांक 7 गांधी नगर में कराई जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद विभाग की टीम सबसे पहले बांके बिहारी गार्डन पहुंची, जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन वहां लड़की और उसके परिजन मौजूद नहीं मिले। इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर टीम गांधी नगर स्थित एक किराए के मकान पर पहुंची, जहां लड़की और उसके परिजन मिले।
महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम के साथ तहसीलदार रणजीत कुशवाह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल कार्यक्रम रुकवाते हुए शादी की तैयारियां बंद कराईं और लड़की की उम्र से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन परिजन कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।
स्थिति को देखते हुए टीम लड़की को अपने साथ लेकर वन स्टॉप सेंटर पहुंची, जहां आवश्यक कागजी कार्रवाई की गई।
प्रभारी परियोजना अधिकारी सुलक्षणा चौरसिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीम मौके पर पहुंची थी और जांच के दौरान नाबालिग लड़की की शादी कराए जाने की पुष्टि हुई, जिसे तुरंत रुकवा दिया गया। उन्होंने बताया कि लड़की की उम्र की पुष्टि मेडिकल जांच के आधार पर की जाएगी और मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित