नयी दिल्ली , जनवरी 13 -- जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में महिला दिवस पर नारी शक्ति पिंकथान में फर्राटा भरेंगी। यह जानकारी मंगलवार को यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में प्रसिद्ध अभिनेता मिलिंद सोमण ने दी।
पिंकथॉन के संस्थापक श्री सोमण ने बताया कि दिल्ली हमेशा से महिला मैराथन (पिंकथॉन) की यात्रा का अहम हिस्सा रही है। उन्होंने कहा कि यह मंच महिलाओं को अपनी गति से फिटनेस अपनाने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देता है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में आयोजित पिंकथॉन में 50,000 से अधिक महिलायें भाग ले चुकी हैं।
श्री सोमण ने बताया कि महिलाओं के स्वास्थ्य, फिटनेस और सशक्तिकरण को समर्पित देश का प्रतिष्ठित महिला मैराथन ज़ाइडस पिंकथॉन छह वर्षों के अंतराल के बाद एक बार फिर राजधानी दिल्ली में वापस आ रहा है। उन्होंने बताया कि पिंकथान का आठवां संस्करण आठ मार्च 2026 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
श्री सोमण ने बताया कि हाल ही में मुंबई में आयोजित इसके ऐतिहासिक 10वें संस्करण में 5,300 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया था और दृष्टिबाधित महिलाओं की सामूहिक दौड़ का विश्व रिकॉर्ड भी बना था।
श्री सोमण ने बताया कि इस बार दिल्ली पिंकथॉन में तीन किमी, पांच किमी, 10 किमी, और पहली बार 50 किमी, 75 किमी, 100 किमी तथा 100 किमी रिले जैसी अल्ट्रा-डिस्टेंस श्रेणियां भी शामिल होंगी। यह आयोजन पहली बार दौड़ने वाली महिलाओं से लेकर अनुभवी एथलीट्स तक, सभी के लिए खुला रहेगा।
पिंकथॉन में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ज़ाइडस लाइफसाइंसेज़ इस आयोजन की सहायक है। इस अभियान में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता और महिलाओं को नियमित सेल्फ ब्रेस्ट एग्ज़ाम के लिए प्रेरित कर रही है। यह अभियान पिंकाथॉन के उस संदेश को मजबूत करता है, जिसमें फिटनेस को निवारक स्वास्थ्य से जोड़ा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित