दुबई , दिसंबर 30 -- श्रीलंका के खिलाफ चल रही टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद शेफाली वर्मा आईसीसी महिला टी20 रैंकिंग में चार पायदान चढ़कर छठे स्थान पर आ गयी हैं, जबकि उप-कप्तान और सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना तीसरे स्थान पर बरकरार हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से मंगलवार को जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, शेफ़ाली 736 अंकों के साथ छठे पायदान पर हैं, जबकि मंधाना 767 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बरकरार हैं। एक पायदान नीचे गिरने के बावजूद जेमिमा रॉड्रिग्ज़ (10वां पायदान) शीर्ष 10 में तीसरी भारतीय बल्लेबाज के तौर पर बरकरार हैं।

शेफ़ाली अब तक सीरीज के चार मैचों में तीन अर्द्धशतकों के साथ 227 रन बटोर चुकी हैं और तालिका में शीर्ष पर काबिज ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी से सिर्फ 60 अंक पीछे हैं भारतीय विकेटकीपर ऋचा घोष ने भी चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय में नाबाद 40 रन बनाकर रैंकिंग में 20वें पायदान पर जगह बना ली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित