जांजगीर-चांपा , जनवरी 21 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में महिला कर्मचारी के साथ मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप सामने आने के बाद कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर एल.एम. भगत के खिलाफ चांपा थाना में बुधवार को एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, एल.एम. भगत जांजगीर जिले में कृषि विभाग में उप संचालक के पद पर पदस्थ थे। इसी दौरान विभाग में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने उन पर पद का दुरुपयोग करते हुए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और अनुचित शारीरिक व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। उल्लेखनीय है कि आरोपी अधिकारी का लगभग एक माह पूर्व ही जांजगीर से रायगढ़ जिले में स्थानांतरण हुआ है, जहां वे वर्तमान में पदस्थ हैं।
पीड़ित महिला कर्मचारी ने करीब दो माह पूर्व इस संबंध में जांजगीर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की थी। शिकायत में महिला ने बताया था कि लंबे समय से चल रहे उत्पीड़न के कारण वह गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा संयुक्त जांच टीम गठित की गई।
जांच टीम ने महिला कर्मचारी के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर विस्तृत जांच की, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित