बैतूल , दिसंबर 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के डहरगांव स्थित टेक्नोक्राफ्ट फैशन लिमिटेड की लगभग 400 महिला सिलाई मशीन ऑपरेटरों ने आज कम वेतन, लंबी ड्यूटी और कार्यस्थल पर अभद्र व्यवहार के विरोध में काम बंद कर कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना है कि वे पिछले तीन वर्षों से कंपनी में कार्यरत हैं, लेकिन प्रतिदिन सुबह 8:45 बजे से शाम 6:30 बजे तक करीब 9 से 10 घंटे काम कराने के बावजूद उन्हें मात्र 6500 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है। भोजन के लिए केवल 15 मिनट का समय मिलने से भी कर्मचारियों में आक्रोश है।
महिला कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन पिछले आठ महीनों से वेतन वृद्धि का आश्वासन दे रहा था, लेकिन अभी तक वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। कुशल श्रमिक होने के बावजूद उन्हें अकुशल श्रमिकों से भी कम वेतन मिल रहा है। छुट्टी लेने पर वेतन काटे जाने और कुछ अधिकारियों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने की शिकायत भी महिलाओं ने कलेक्टर के समक्ष रखी। कई कर्मचारी दूरस्थ गांवों से आती हैं, जिन्हें मात्र 10 रुपये वाहन भत्ता दिया जाता है, जबकि वास्तविक किराया 30 रुपये है।
कलेक्टर ने महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए श्रम विभाग को मामले की जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले में प्रशासनिक कार्रवाई की संभावनाएं बढ़ गई हैं, जबकि कर्मचारी न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की तैयारी में हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित