अलवर , अप्रैल 23 -- विधायिका में महिला आरक्षण को लेकर जारी सियासी बयानबाजी के बीच राजस्थान में अलवर की जिला कांग्रेस समिति की पूर्व विधायक एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस समिति की महासचिव पूनम गोयल ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस मुद्दे पर झूठा एवं भ्रामक प्रचार करके जनता को गुमराह कर रही है।

सुश्री गोयल ने गुरूवार को अलवर में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि महिला आरक्षण अधिनयम महिलाओं के अधिकारों और सशक्तीकरण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है, लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक लाभ के लिए तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस संशाेधन विधेयक से जुड़े वास्तविक तथ्यों को जनता के सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध है और हर प्रकार के भ्रम को दूर करना चाहती है।

अलवर जिला प्रभारी पूनम गोयल ने केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में संसद में लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कहा कि सरकार की मंशा सही नहीं थी जब 2023 में यह आरक्षण लागू हो गया तो अब इस संशोधन विधेयक को दोबारा लाने की क्या जरूरत थी। उन्होंने कहा कि इससे पहले जब संसद सत्र चला था तब इस अधिनियम को लेकर आना चाहिए था अब जब कई राज्यों के विधानसभा चुनाव हो रहे हैं ऐसे में विशेष सत्र क्यों बुलाया गया। यह उनकी मंशा पर सवाल उठता है।

सुश्री गोयल ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी महिला आरक्षण का विरोध नहीं किया। वर्ष 2023 में भी कांग्रेस ने महिला आरक्षण का समर्थन किया था, लेकिन इस बार समर्थन के पीछे उन्होंने जो शर्तें जोड़ीं उससे उनकी नीयत पर सवाल उठता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी महिलाओं की विरोधी नहीं रही है लेकिन अब भारतीय जनता पार्टी इसमें राजनीति कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित