बेंगलुरु , जनवरी 20 -- कर्नाटक महिला आयोग ने भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस महानिदेशक (नागरिक अधिकार प्रवर्तन) के रामचंद्र राव के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उल्लेखनीय है कि उनके कुछ ऐसे ऑडियो और वीडियो क्लिप प्रसारित हुए हैं जिनमें श्री राव को ड्यूटी के दौरान अश्लील हरकतें करते हुए दिखाया गया है।

आयोग ने कर्नाटक के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को अलग-अलग लिखे पत्रों में टेलीविजन चैनलों द्वारा प्रसारित दृश्य का 'बहुत गंभीरता से संज्ञान' लिया, जिसमें राव को अपने कार्यालय में महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए दिखाया गया है।

आयोग ने कहा कि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का ऐसा आचरण, जिससे महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने की उम्मीद की जाती है, समाज में गलत संदेश भेजता है और राज्य की महिलाओं के बीच नकारात्मक भावना पैदा करता है।

गौरतलब है कि इस घटना में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 के प्रावधान भी लागू होते हैं।

आयोग ने इस संबंध में तेज कार्रवाई की मांग करते हुए तुरंत पारदर्शी जांच, राव को सेवा से निलंबित करने और जीरो-टॉलरेंस की कार्रवाई करने का आह्वान किया। कार्रवाई पर सात दिनों के भीतर एक रिपोर्ट भी जमा करने का आह्वान किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित