बेगुसराय , जनवरी 04 -- बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं में राजनीतिक नेतृत्व और समझ को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी देने के लिए शक्ति अभियान के तहत बड़े पैमाने पर बुनियादी शिविर का आयोजन कर रही है।
श्री राम ने बेगुसराय में आयोजित शिविर के दौरान अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि देश में कांग्रेस ने महिलाओं को हमेशा राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की कोशिश की है और अब राज्य में भी महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की ओर कदम बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को पहली महिला राष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री दिया है, इसलिए महिलाओं की उन्नति और बेहतरी के लिए उसका गौरवशाली इतिहास रहा है और उसी परम्परा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी का यह महत्वपूर्ण शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हक के लिए बिहार कांग्रेस लगातार प्रतिबद्ध है और उनके लिए हमेशा संघर्ष करने की अपनी शपथ दुहराती है।
इस शक्ति अभियान के दो दिवसीय बुनियादी शिविर को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष तथा पूर्व विधायक अमिता भूषण और युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित