देहरादून , मार्च 08 -- उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलायें आज हर क्षेत्र में पुरूषों से आगे निकल चुकी हैं।

महिलाओं में नेतृत्व की क्षमता पुरूषों से अधिक होती है। अनादिकाल से महिलायें समाज की पथ प्रदर्शक रही हैं और उन्होंने समाज को नयी दिशा देने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि विश्व में भारतीय नारियों का एक महत्वपूर्ण स्थान है, भारतीय नारियों ने हमेशा हर क्षेत्र में चाहे विज्ञान और तकनीक का क्षेत्र हो चाहे राजनीति का, हर क्षेत्र में कुशल नेतृत्व किया है। महिलाओं ने अंतरिक्ष में पहुंचने का कीर्तिमान भी स्थापित किया है। आजादी के आन्दोलन से लेकर उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलन में मातृ शक्ति ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया जिसे उत्तराखण्ड के इतिहास में सदैव याद किया जाता रहेगा।

श्री गोदियाल ने कहा कि जहां एक ओर राजनीतिक क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर चुकी स्व इन्दिरा गांधी, प्रतिभा सिंह पाटिल, सोनिया गांधी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जैसी महिलाओं ने देश का गौरव बढाया ,वहीं पी.टी. ऊषा, मैरी कॉम, सायना नेहवाल, सानिया मिर्जा, जैसी खेल प्रतिभाओं ने विश्व में अपना परचम लहराया है ।

भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स और कल्पना चावला ने अंतरिक्ष पटल पर अपनी खास पहचान बनाई तथा सुरेखा यादव ने प्रथम महिला चालक के रूप में रेलगाडी चला कर भारतीय महिलाओं के गौरव को बढ़ाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित