श्रीगंगानगर , फरवरी 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने धार्मिक निशान यात्रा के दौरान महिलाओं के गले से सोने की चेन काटकर चोरी करने के मामले में दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन सोने की चेनें बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि 10 फरवरी को श्री श्याम सखा मंडल द्वारा निकाली गई निशान यात्रा ब्राह्मण धर्मशाला से रवाना हुई थी। शाम करीब छह बजे यात्रा जब गोयल चौक पहुंची तो अचानक कई महिलाओं ने चीख-पुकार मचा दी कि उनके गले में पहनी हुई सोने की चेन गायब हो गई हैं। इस घटना से पूरे शोभा यात्रा में हड़कंप मच गया। श्रद्धालुओं ने मौके पर ही एक महिला को चेन चोरी करते रंगे हाथों पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने उससे पूछताछ के बाद तीन आरोपी महिलाओं पिंटूदेवी (28), सोनिया उर्फ बब्बू (30) और कन्हैया उर्फ राहुल (24) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि तीनों आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और इनका कोई स्थाई निवास नहीं है। ये राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश आदि राज्यों में घूम-घूमकर अपराध करते हैं। सोशल मीडिया के जरिए मेला, त्यौहार, चुनावी रैली और धार्मिक यात्राओं की सूचना जुटाते हैं। फिर उसी क्षेत्र का पारंपरिक पहनावा पहनकर भीड़ में घुल-मिल जाते हैं और सोने-चांदी के आभूषण पहने लोगों को निशाना बनाते हैं।
इस गिरोह के खिलाफ कई अन्य राज्यों में भी ऐसी घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित